Asia Cup 2026: सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, क्या फाइनल में होगी पाकिस्तान से टक्कर?

 

महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने लीग स्टेज में अब तक खेले अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। भारत के खाते में छह अंक हैं और वह ग्रुप ए में मजबूत स्थिति में है। अब क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर है कि क्या टूर्नामेंट में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

पाकिस्तान के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका

पाकिस्तान ने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे एक जीत मिली है। उसके खाते में दो अंक हैं और वह ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान का एक लीग मैच अभी बाकी है, जिसमें उसका सामना हांगकांग चाइना से होगा। इस मुकाबले में जीत हासिल करते ही पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना मजबूत हो जाएगी।

हालांकि, अगर पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ता है तो समीकरण बदल जाएगा। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग के बीच नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम तय होगी।

श्रीलंका भी सेमीफाइनल में पहुंची

ग्रुप बी से श्रीलंका ने भी अपने तीनों लीग मैच जीतकर अंतिम चार में जगह बना ली है। वहीं बांग्लादेश और यूएई के खाते में दो-दो अंक हैं। बांग्लादेश के पास अभी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका मौजूद है।

फाइनल में हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला

टूर्नामेंट के मौजूदा समीकरण के मुताबिक भारत और पाकिस्तान का सेमीफाइनल में आमना-सामना नहीं होगा। ग्रुप ए की शीर्ष टीम का मुकाबला ग्रुप बी की दूसरे नंबर की टीम से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप बी की टॉप टीम ग्रुप ए की दूसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी।

ऐसे में अगर भारत और पाकिस्तान दोनों अपनी-अपनी सेमीफाइनल की बाधा पार कर लेते हैं, तो दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने आ सकती हैं। हालांकि इसके लिए पाकिस्तान को पहले अपना आखिरी लीग मैच जीतना होगा और फिर सेमीफाइनल में भी जीत दर्ज करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *