जौहर सीन की आलोचना पर घिरीं स्वरा भास्कर, अब सफाई देते हुए बोलीं- ‘गलत अनुवाद हुआ’

 

अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ से जुड़ा है। फिल्म के जौहर वाले सीन को लेकर स्वरा की टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। कई लोगों ने उनके बयान को रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं का अपमान बताया।

विवाद बढ़ने के बाद अब स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात स्पष्ट की है। अभिनेत्री ने कहा कि उनके बयान का सही अर्थ लोगों तक नहीं पहुंचा और उनके शब्दों का गलत अनुवाद किया गया। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा था।

वायरल वीडियो पर स्वरा ने दी सफाई

स्वरा ने एक वीडियो शेयर कर कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बयान का एक छोटा हिस्सा वायरल किया जा रहा है, जिसे गलत तरीके से ट्रांसलेट किया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी रानी पद्मावती या किसी सती को कायर नहीं बताया।

अभिनेत्री के मुताबिक, कार्यक्रम में उनसे फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर उनके पुराने ओपन लेटर के बारे में सवाल किया गया था। जवाब में उन्होंने फिल्म के क्लाइमैक्स को देखने के बाद उनके मन में आए विचारों को साझा किया था।

स्वरा ने बताया कि फिल्म देखते समय उनके मन में यह सवाल आया था कि अगर कभी वह रेप का शिकार होतीं, तो क्या खुद को खत्म करना ही सम्मान बचाने का एकमात्र रास्ता होता। उन्होंने इसी सोच को लेकर अपनी असहजता जाहिर की थी।

महिलाओं के अधिकार पर उठाया सवाल

स्वरा ने कहा कि समाज और सिनेमा को इस बात पर विचार करना चाहिए कि क्या किसी महिला की शारीरिक ‘पवित्रता’ को उसकी जिंदगी से अधिक महत्वपूर्ण दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि रेप सर्वाइवर को यह संदेश क्यों दिया जाए कि उसे जिंदा नहीं रहना चाहिए था।

अभिनेत्री ने अपनी बात रखते हुए कहा कि महिलाओं की जीने की इच्छा और उनके जीवन के अधिकार को कभी कम नहीं आंकना चाहिए।

31 अगस्त को दिया था बयान

दरअसल, 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘महिला, जीवन स्वतंत्रता’ कार्यक्रम में स्वरा ने ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर चर्चा की थी। इसी दौरान उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और विवाद खड़ा हो गया।

बता दें कि 2018 में रिलीज हुई ‘पद्मावत’ में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महाराजा रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *