‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।** वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी मिर्जापुर की दुनिया अब बड़े पर्दे पर पहुंचने वाली है। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म के चार अहम किरदारों के नए फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी किए हैं।
एक्सेल मूवीज की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्टरों में रवि किशन, मोहित मलिक, सुशांत सिंह और सोनल चौहान अपने-अपने किरदारों के अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। इन पोस्टरों ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
नए किरदारों का दिखा दमदार लुक
फिल्म में रवि किशन बब्बन बबुआ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वहीं मोहित मलिक बिरजू लोहार सुशांत सिंह भैरव सिंह करनावत और सोनल चौहान मुमताज बीबी किरदार में दिखाई देंगी।
जारी किए गए पोस्टरों में सभी कलाकारों के लुक उनके किरदारों की अलग-अलग शख्सियत की झलक देते हैं। माना जा रहा है कि ये किरदार मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई में अहम भूमिका निभाएंगे और कहानी में नए मोड़ लेकर आएंगे।
मिर्जापुर की गद्दी के लिए होगी जंग
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी फ्रेंचाइजी के चर्चित किरदारों और मिर्जापुर की सत्ता के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु जैसे लोकप्रिय कलाकार भी मिर्जापुर की दुनिया में वापसी करेंगे।
हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में मिर्जापुर की गद्दी को लेकर जारी संघर्ष की झलक दिखाई गई थी। इसमें कई पुराने और नए दावेदार सत्ता हासिल करने की कोशिश करते नजर आते हैं।
कौन बनेगा मिर्जापुर का राजा?
सीरीज के पहले सीजन से शुरू हुई सत्ता, बदले और वर्चस्व की कहानी अब फिल्म के जरिए एक नए स्तर पर पहुंचने वाली है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे चर्चित किरदारों के बीच मिर्जापुर की गद्दी के लिए मुकाबला एक बार फिर देखने को मिलेगा।
नए पोस्टरों के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस जंग में बाजी कौन मारेगा और मिर्जापुर का अगला राजा कौन बनेगा? इसका जवाब फिल्म की रिलीज के बाद ही सामने आएगा।