अयोध्या राम मंदिर के CEO पद के लिए इंटरव्यू आज; हिंदू होना, शुद्ध शाकाहारी और नशामुक्त रहना अनिवार्य

 

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है, जहां देशभर से प्राप्त 5,200 से अधिक आवेदनों में से चुने गए 18 अभ्यर्थियों का फाइनल इंटरव्यू राम मंदिर परिसर में शुरू हो गया है।

न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिर्डी साईंबाबा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हवारे की सदस्यता वाली चयन समिति 11 और 12 अगस्त को इन उम्मीदवारों का साक्षात्कार ले रही है।

इस प्रतिष्ठित पद के लिए 50 से 70 वर्ष की आयु सीमा और बेहतर प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ सख्त धार्मिक मानक भी तय किए गए हैं, जिसके तहत उम्मीदवार का हिंदू होना, हिंदू परंपराओं का पालन करना, पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी होना और शराब या किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना अनिवार्य है।

इस प्रक्रिया के तहत चयन समिति साक्षात्कार के बाद 3 सर्वश्रेष्ठ नामों की सूची तैयार कर ट्रस्ट को सौंपेगी, जिसके बाद 2 सितंबर को होने वाली बैठक में अंतिम नाम पर मुहर लगाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जून के पहले सप्ताह में राम मंदिर परिसर में चढ़ावा चोरी के आरोप सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, और इसी घटनाक्रम के बाद मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने एक पूर्णकालिक सीईओ नियुक्त करने का फैसला लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *