देहरादून में राहुल गांधी की सभा से पहले दर्दनाक हादसा: लोहे का खंभा गिरने से कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, जांच शुरू
देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ तैयारियों का जायजा ले रहे 65 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता के सिर पर अचानक लोहे का एक भारी पिलर गिर गया। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अमर मेहता गुरुवार शाम को कार्यक्रम स्थल पर टेंट और मंच की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और इस बात की जांच कर रही है कि पंडाल के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
आज छात्रों से सीधा संवाद करेंगे राहुल गांधी
इस दुखद घटना के बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज बन्नू स्कूल मैदान में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। ‘छात्रों की गूंज’ नामक इस कार्यक्रम में राहुल गांधी नीट (NEET) पेपर लीक और देश में लगातार सामने आ रहे अन्य भर्ती घोटालों जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों से चर्चा करेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।