‘हैवानियत अब नहीं रुकेगी’: फिल्म ‘हैवान’ से अक्षय कुमार और सैफ अली खान का दमदार फर्स्ट लुक आउट

बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार, जो हाल के दिनों में अपनी कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे थे, अब एक बार फिर पर्दे पर खौफ का नया मंजर लाने की तैयारी में हैं। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ब्लॉकबस्टर जोड़ी पूरे 17 साल बाद बड़े पर्दे पर एक साथ वापसी कर रही है। दोनों जल्द ही आने वाली साइको-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आएंगे।

मशहूर डायरेक्टर प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाने के लिए मेकर्स ने दोनों स्टार्स का पहला कैरेक्टर पोस्टर रिलीज कर दिया है।

पोस्टर में दिखा बेहद इंटेंस और डरावना लुक

सामने आए फर्स्ट लुक पोस्टर्स में अक्षय कुमार और सैफ अली खान दोनों ही काफी सीरियस और इंटेंस लुक में नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह एक डार्क और सस्पेंस से भरपूर साइको-थ्रिलर होने वाली है। प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी पहले भी कई कल्ट फिल्में दे चुकी है, ऐसे में इस बार कॉमेडी छोड़कर थ्रिलर जॉनर में दोनों का साथ आना फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज है।

नोट कर लीजिए रिलीज डेट

फर्स्ट लुक जारी करने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। अक्षय और सैफ की यह बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 11 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। 17 साल लंबे इंतजार के बाद इन दोनों एक्टर्स की स्क्रीन राइवलरी को देखने के लिए फैंस के बीच अभी से बज बन गया है।

‘बहुत हंसा लिया, अब हैवानियत शुरू’

दरअसल, मेकर्स ने एक दिन पहले (मंगलवार को) सोशल मीडिया पर एक बेहद रहस्यमयी और डरावना नोट शेयर किया था, जिस पर लिखा था— ‘बहुत हंसा लिया, अब कल से हैवानियत शुरू’। इस हिंट के बाद से ही फैंस बुधवार का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर दी पहली झलक

बुधवार को खुद अक्षय कुमार ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से ‘हैवान’ के ये नए पोस्टर्स फैंस के साथ साझा किए। पोस्टर्स शेयर करते हुए खिलाड़ी कुमार ने एक बेहद दमदार और सस्पेंस से भरा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा:

“एक सब कुछ देखता है, एक की नजरों से कुछ नहीं बचता… हैवानियत अब नहीं रुकेगी! ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में आ रही है।”

अक्षय के इस डायलॉग नुमा पोस्ट ने साफ कर दिया है कि फिल्म में सैफ और अक्षय के बीच चूहे-बिल्ली का एक बेहद खतरनाक खेल देखने को मिलने वाला है। प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *