नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश होने के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है। वहीं दूसरी ओर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में आज तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो सकता है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ अतिरिक्त इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है। इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश हो सकती है। वहीं 17 से 20 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा, 18 से 21 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर भारत की बात करें तो 16 जून तथा 18 से 20 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 16 जून को तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी दिल्ली में आज मौसम का मिजाज बदला-बदला रह सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं बुधवार को भी राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। उस दिन अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में गर्मी और उमस का असर
मौसम विभाग ने 16 से 18 जून के दौरान तेलंगाना, विदर्भ, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा के कई हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में लोगों को तेज गर्मी के साथ नमी भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है। वहीं कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों के लिए ‘वार्म नाइट’ यानी गर्म रातों का अलर्ट भी जारी किया गया है, जहां रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।