पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव तय? शान मसूद की कप्तानी पर संकट, कोच का भविष्य भी अधर में

 

पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद का भविष्य अब सवालों के घेरे में नजर आ रहा है और ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आगामी दिनों में उनकी कप्तानी पर फैसला लिया जा सकता है। इतना ही नहीं, टीम के हेड कोच की भूमिका को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के महत्वपूर्ण टेस्ट दौरों के लिए टीम घोषित करते समय कुछ बड़े बदलाव कर सकता है।

फिलहाल पाकिस्तान की तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान हैं। टेस्ट टीम की कमान शान मसूद संभाल रहे हैं, जबकि वनडे टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और टी20 टीम की जिम्मेदारी सलमान अली आगा के पास है। हालांकि हालिया प्रदर्शन ने टेस्ट टीम की नेतृत्व व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। घरेलू मैदान पर मिली इस निराशाजनक हार ने टीम की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की स्थिति और आईसीसी टेस्ट रैंकिंग दोनों को प्रभावित किया। इसके बाद से ही शान मसूद की कप्तानी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। अब माना जा रहा है कि PCB जल्द ही इस मुद्दे पर कोई बड़ा निर्णय ले सकता है।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम जल्द ही इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के अहम टेस्ट दौरे पर रवाना होने वाली है। इसके लिए चयनकर्ताओं द्वारा इसी सप्ताह के अंत तक टीम की घोषणा किए जाने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयन बैठक में PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी मौजूद रह सकते हैं। ऐसे में टीम में बड़े बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि टेस्ट कप्तान शान मसूद की जगह सलमान अली आगा को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, अगर कप्तानी में बदलाव होता है तो भी शान मसूद बतौर बल्लेबाज टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं।

वहीं, टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले सरफराज अहमद को टीम का हेड कोच बनाया गया था, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मिली निराशाजनक हार के बाद उनके कार्यकाल पर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, पूर्व कप्तान यूनिस खान और मोहम्मद हफीज हेड कोच पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। यदि PCB के साथ उनकी बातचीत सफल रहती है, तो आने वाले दिनों में कोचिंग स्टाफ को लेकर भी बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *