खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत, कोचिंग सेंटर हमला मामले में गिरफ्तारी पर लगी रोक

 

प्रसिद्ध शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir को कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और फायरिंग मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना की जिला अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस मामले में गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर ने सोमवार (8 जून) को अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की।

गौरतलब है कि 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें संस्थान से जुड़े दो सुरक्षा गार्ड हथियार चलाते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी थी।

फायरिंग मामले की जांच के दौरान नया मोड़ तब आया, जब हिरासत में लिए गए दोनों सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ में दावा किया कि उन्होंने हवा में गोलियां Khan Sir के निर्देश पर चलाई थीं। इससे पहले खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों ने उनके सेंटर को निशाना बनाकर फायरिंग करवाई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने इस बयान से दूरी बना ली।

जांच के दौरान सुरक्षा गार्डों और खान सर के बयानों में कथित तौर पर विरोधाभास पाए गए। इसके बाद उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जिससे उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी।

इसी बीच, खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) को अग्नि सुरक्षा जांच में भी झटका लगा। निरीक्षण के दौरान संस्थान में कई सुरक्षा और संरचनात्मक कमियां सामने आईं। बिहार पुलिस के अनुसार, इन खामियों को दूर करने के लिए संस्थान को एक सप्ताह के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने का नोटिस जारी किया जाएगा।

यह जांच मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना के बाद सुरक्षा मानकों की समीक्षा के तहत की गई, जिसमें कम से कम सात लोगों की जान चली गई थी।

केजीएस (खान ग्लोबल स्टडीज) बिहार की राजधानी पटना स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान है, जिसकी स्थापना मशहूर शिक्षक फैजल खान, जिन्हें छात्र खान सर के नाम से जानते हैं, ने की थी। यह संस्थान यूपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जाना जाता है। अपनी सरल और रोचक शिक्षण शैली के कारण खान सर और केजीएस ने देशभर के लाखों छात्रों के बीच विशेष पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *