देहरादून में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोकीन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सूडान के दो नागरिक भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर हैं और राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की आपूर्ति करने पहुंचे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माइकल इक्का और लीविक्री वानिकी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सूडान के निवासी हैं और वर्तमान में हरिद्वार बाईपास रोड स्थित पंजाबी कॉलोनी, आईएसबीटी के पास रह रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने ओल्ड मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के पास एक कार से जावेद आलम नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
पूछताछ में विदेशी नागरिकों ने खुद को कथित तौर पर कोबरा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने खुलासा किया कि कोकीन दिल्ली से मंगाकर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई की जाती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी देहरादून में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में नशे की खेप खपाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।