मुख्यमंत्री धामी ने की चारधाम यात्रा की समीक्षा, व्यवस्थाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। केदारनाथ धाम में अब तक दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है।

वहीं, चारों धामों को मिलाकर अब तक कुल 26,86,259 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रा के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।

रुद्रप्रयाग स्थित यात्रा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार उच्च स्तर पर बनी हुई है। भक्त भारी उत्साह के साथ धामों में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।

शनिवार को अकेले केदारनाथ धाम में 11 हजार से अधिक महिलाओं सहित कुल 24,066 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही धाम में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या शनिवार शाम 5 बजे तक बढ़कर 10,00,497 पहुंच गई है।

बीते 23 मई को चारधाम यात्रा में एक ही दिन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। इसके अगले दिन, यानी 24 मई रविवार को भी 98 हजार से अधिक भक्तों ने धामों में दर्शन किए।

अन्य दिनों में भी यात्रियों की संख्या लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है, जो यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *