बारिश के बाद मसूरी में मौसम बेहद सुहावना हो गया है, जिसके चलते वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है। हालात यह हैं कि पुलिस का ट्रैफिक प्रबंधन भी दबाव में नजर आ रहा है।
सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ घूमने आए पर्यटकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भगत सिंह चौक से किंग्रेग मार्ग और लाइब्रेरी चौक से किंग्रेग तक सुबह करीब सात बजे से ही जाम की स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा कैंपटी रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां ट्रैफिक धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। बढ़ते पर्यटक दबाव के चलते शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है।
पर्यटन सीजन और वीकेंड के चलते मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद देखी गई, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ गया है। रविवार को लगातार तीसरे दिन भी मसूरी की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसके कारण कई पर्यटक घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे।
लंबे समय तक सड़कों पर अटके रहने से यात्रियों को अपने तय समय पर गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। कई पर्यटकों ने देरी और लगातार लग रहे जाम को लेकर असंतोष भी जताया है।
हालांकि पुलिसकर्मी शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर यातायात को सामान्य करने के लिए लगातार तैनात रहे, लेकिन सीमित पुलिस बल और मसूरी की संकरी सड़कों के चलते ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकी।
स्थानीय निवासी रामप्रसाद और उपेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि पर्यटन सीजन में हर साल यही स्थिति बनती है और जाम की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।