IMD Weather Update: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे देशवासियों को जल्द राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 से 72 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तापमान 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम में यह बदलाव 28 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से देखने को मिलेगा। वहीं, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल बन रही हैं।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल अगले दो दिनों तक लोगों को लू और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, 28 मई से मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में बादल छाने के साथ दोपहर बाद 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत कई जिलों में अगले दो दिन तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। IMD ने 27 मई को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 28 से 31 मई के बीच प्रदेश में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान आने का अनुमान है। 29 मई के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बिहार में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में 26 से 29 मई के दौरान 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को राज्य के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
राजस्थान में फिलहाल 30 मई तक लू का कहर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई तक कुछ इलाकों में भीषण हीटवेव लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि, 29 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कई हिस्सों में तेज आंधी व बारिश होने के आसार हैं।
झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद समेत कई जिलों में जल्द ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। IMD ने 26 से 31 मई के बीच राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में भी मौसम सुहावना होने वाला है। देहरादून, नैनीताल और आसपास के इलाकों में 28 से 31 मई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, 29 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओले गिरने की आशंका जताई है।
इसके अलावा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।