आईपीएल के 19वें सीजन में लीग स्टेज का समापन 24 मई को हुआ, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस सीजन सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर रही। टीम के मजबूत स्क्वाड के बावजूद उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन लीग स्टेज में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम केवल 8 अंकों के साथ 9वें स्थान पर रही।
अब हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड ने आखिरी लीग मैच के बाद इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार के बाद मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हार्दिक से जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी, वैसा नतीजा नहीं मिला और यह टीम मैनेजमेंट की अपेक्षाओं के अनुरूप भी नहीं रहा।
पोलार्ड ने आगे कहा कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान के तौर पर पूरा समर्थन और हर संभव मौका देने की कोशिश की, ताकि वह बेहतर परिणाम दे सकें। लेकिन 14 मैचों में 10 हार का ठीकरा केवल एक खिलाड़ी पर नहीं फोड़ा जा सकता।
उन्होंने माना कि यह पूरे टीम के लिए सीखने का अनुभव रहा, क्योंकि तमाम कोशिशों के बावजूद हालात मुंबई इंडियंस के पक्ष में नहीं गए।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर लीग स्टेज में ही खत्म होने के बाद टीम में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। अगले सीजन से पहले कुछ खिलाड़ियों को बाहर किए जाने की भी चर्चा है।
इस पर कायरन पोलार्ड ने कहा कि अब टीम को सुधार की दिशा में काम करना होगा और बैठकर यह तय करना होगा कि आगे के लिए क्या बेहतर रणनीति अपनाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी फैसले पर तुरंत पहुंचना सही नहीं होगा।
पोलार्ड के मुताबिक अभी हालात भावनात्मक हैं, इसलिए जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने के बजाय टीम को थोड़ा समय देकर सही दिशा में सोचने की जरूरत है।