भारत-ऑस्ट्रेलिया रिश्तों को मिलेगी मजबूती, विदेश मंत्री का अहम दौरा

 

कैनबरा से मिली जानकारी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग जल्द ही भारत दौरे पर आने वाली हैं। इस दौरान वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक में हिस्सा लेंगी। साथ ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले विदेश मंत्रियों के फ्रेमवर्क संवाद में भी भाग लेंगी।

पेनी वोंग ने अपने बयान में कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में क्वाड की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उनके मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चारों देश समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और आपदा राहत जैसे साझा मुद्दों पर मिलकर ठोस कदम उठा रहे हैं। वोंग ने यह भी संकेत दिया कि भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हो सकती है।

नी वोंग ने कहा कि भारत दौरे के दौरान वह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ 17वें ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों के फ्रेमवर्क संवाद में भी हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साझेदारी पहले से अधिक अहम हो गई है।

वोंग के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों देश अपने द्विपक्षीय सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं। व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत व्यापार और निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा, रणनीतिक तकनीक, शिक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार दिया जा रहा है।

बयान में यह भी कहा गया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत दोनों देशों के बीच मजबूत सामाजिक और जनसंपर्क संबंध हैं। अल्बानीज़ सरकार हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्वाड जैसे मंचों पर अपनी भागीदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो 26 मई 2026 को क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगे।

इस अहम बैठक में चारों देशों के विदेश मंत्री इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े रणनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। क्वाड के ‘स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक’ विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मंत्री पिछले साल 1 जुलाई 2025 को वॉशिंगटन डीसी में हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे।

बैठक के दौरान क्वाड के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा करने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा आपसी हितों से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर भी चारों देशों के बीच चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *