उत्तर प्रदेश में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। इन दोनों घटनाओं में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
पहला हादसा लखीमपुर खीरी जिले में हुआ, जहां एक मैजिक वैन और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरा हादसा बहराइच जिले में सामने आया। बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, एक कार बहराइच की ओर जा रही थी, तभी पास की सड़क से आ रहे कंबाइन हार्वेस्टर ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखीमपुर खीरी: जिले के धौरहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे-730 पर ईसानगर और धौरहरा कोतवाली क्षेत्र की सीमा के पास उंचगांव और भरेहता गांव के बीच मैजिक वैन और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। धौरहरा के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही मैजिक वैन विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
बहराइच: इसी तरह जिले में भी एक अलग सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की जान चली गई। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक, एक कार नानपारा की ओर से बहराइच जा रही थी, तभी रास्ते में एक कंबाइन हार्वेस्टर अचानक सड़क किनारे से आया और कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक बहराइच जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।