बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। शुक्रवार (15 मई) को राज्य सरकार ने 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई अहम जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। यह विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन आता है।
आदेश के अनुसार, के सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का प्रभार दिया गया है। पंकज कुमार पाल को पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
बड़े स्तर पर कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव का पद अब ए.के. सिंह संभालेंगे, जबकि धर्मेंद्र कुमार सिंह को गन्ना उद्योग विभाग का सचिव बनाया गया है। दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा एवं खेल विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भूतत्व विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि हिमांशु शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार को अब पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
नए आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। अधिसूचना के अनुसार गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। साथ ही उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है, जबकि एच.आर. श्रीनिवास को इस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
राजेश कुमार को कोसी प्रमंडल के आयुक्त पद से स्थानांतरित कर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं पंकज कुमार पाल को अब पथ निर्माण विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रमंडलीय स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।