1600 डिग्री तापमान वाला लोहा गिरा, स्टील प्लांट हादसे में 8 श्रमिकों की दर्दनाक मौत

 

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के स्टील प्लांट में सोमवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के SMS-2 और STC-3 यूनिट में भारी मात्रा में पिघले हुए लोहे के रिसाव के बाद कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई।

हादसे के दौरान कई अन्य कर्मचारी भी झुलस गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संयंत्र में अचानक पिघला हुआ लोहा बाहर निकलने से यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। साथ ही, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हादसे में अब तक पांच श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई, जब क्रेन की मदद से एक बाल्टी में भरा पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अत्यधिक गर्म धातु अचानक नीचे गिर गई और उसकी चपेट में कई श्रमिक आ गए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरा हुआ लोहा करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान पर था, जिससे हादसा बेहद घातक साबित हुआ।

वहीं, इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुई दुर्घटना की खबर से वह स्तब्ध हैं और श्रमिकों की मौत से बेहद दुखी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं तथा सभी सरकारी विभागों को समन्वय के साथ प्रभावित लोगों की सहायता सुनिश्चित करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *