बारिश बनी विलेन! बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंची भारत-पाकिस्तान की टीमें, जानें पूरा मामला

एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। हालांकि, दोनों टीमों को अंतिम चार में पहुंचने के लिए क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलने का मौका ही नहीं मिला। सोमवार को बारिश के कारण भारत-अफगानिस्तान और पाकिस्तान-हांगकांग के बीच होने वाले दोनों क्वार्टर फाइनल मुकाबले रद्द कर दिए गए। इसके बाद बेहतर रैंकिंग वालीटीमों को सेमीफाइनल में प्रवेश दे दिया गया।

भारत-अफगानिस्तान मैच बारिश की भेंट चढ़ा

क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होना था। अफगानिस्तान ने अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि भारतीय टीम को अपनी बेहतर रैंकिंग के कारण सीधे इस चरण में प्रवेश मिला था। दोनों टीमों के बीच मुकाबले को लेकर काफी उत्सुकता थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो सका।

मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी गई और आखिरकार इसे रद्द करने का फैसला लिया गया। नियमों के अनुसार, बेहतर रैंकिंग होने के कारण भारत को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। वहीं, अफगानिस्तान का एशियन गेम्स में सफर यहीं समाप्त हो गया।

पाकिस्तान को भी मिला रैंकिंग का फायदा

दूसरे क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान और हांगकांग आमने-सामने होने वाले थे। यह मुकाबला भी बारिश के कारण नहीं खेला जा सका। मैदान की स्थिति और खराब मौसम को देखते हुए मैच को रद्द कर दिया गया।

पाकिस्तान की रैंकिंग हांगकांग से बेहतर होने के कारण उसे भी बिना मुकाबला खेले सेमीफाइनल में जगह मिल गई। इस तरह सोमवार को खेले जाने वाले दोनों क्वार्टर फाइनल बारिश की वजह से रद्द हो गए और बेहतर रैंकिंग वाली भारत तथा पाकिस्तान की टीमें अगले दौर में पहुंच गईं।

सेमीफाइनल में भारत-पाकिस्तान नहीं भिड़ेंगे

भारत और पाकिस्तान दोनों के सेमीफाइनल में पहुंचने के बावजूद क्रिकेट प्रशंसकों को इस चरण में दोनों टीमों के बीच मुकाबला देखने को नहीं मिलेगा। यानी भारत और पाकिस्तान अलग-अलग सेमीफाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। अब दोनों टीमों की नजरें फाइनल में पहुंचने पर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *