दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 81 भगोड़े गिरफ्तार, एनकाउंटर के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के 3 शार्पशूटर पकड़े गए

दिल्ली प

दिल्ली पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पश्चिमी जिले में चलाए गए 48 घंटे के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के दौरान पुलिस ने 81 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं, रोहिणी इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तीन कथित शार्पशूटरों को भी दबोचा गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ 5 और 6 सितंबर को चलाया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घोषित अपराधियों और लंबे समय से फरार आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना था। डीसीपी वेस्ट की निगरानी में पुलिस की 61 टीमों ने दिल्ली के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी से बाहर भी कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 149 घोषित अपराधियों का पता लगाया। इनमें 49 आरोपी पहले से न्यायिक हिरासत में मिले, जबकि 19 की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस अभियान के तहत 175 आपराधिक मामलों को भी सुलझाने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार, कुल 161 अन्य मामलों में भी आरोपियों की स्थिति और उनके रिकॉर्ड की जांच की गई।

हिमांशु भाऊ गैंग पर भी शिकंजा

दूसरी ओर, रोहिणी पुलिस ने नरेला में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में हिमांशु भाऊ गैंग के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके से गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।

मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने करीब 11 से 12 राउंड फायर किए, जबकि पुलिस की ओर से छह राउंड गोली चलाई गई। मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर हत्या समेत अन्य आपराधिक मामलों में उनकी कथित भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *