दिल्ली के सत्य निकेतन में बड़ा हादसा, 5 मंजिला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत

 

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार सुबह खुद घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली और रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मालिक की लापरवाही बनी हादसे की वजह?

घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में हादसे की संभावित वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत काफी पुरानी थी और बेसमेंट में पानी भर गया था। पानी जमा होने के कारण बिल्डिंग के पिलर कमजोर होकर गिर गए, जिसके बाद पूरी पांच मंजिला इमारत देखते ही देखते ढह गई।

मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीर बताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें मलबे को हटाने और संभावित लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच भी की जा रही है, ताकि लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *