अयोध्या से राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को ट्रस्टी की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। महेश भागचंदका को पूर्व VHP नेता अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
नए ट्रस्टियों की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया भी अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। CEO के नाम की औपचारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है। इसे लेकर ट्रस्ट की बैठक अयोध्या में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी में चल रही है।
CEO की रेस में इन नामों की चर्चा
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के चयन के लिए गठित कमेटी अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप चुकी है। बताया जा रहा है कि चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय का नाम प्रमुखता से सामने आया है। इसके अलावा पूर्व IPS अधिकारी परेश सक्सेना और IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा व दिनेश चंद्र सिंह के नाम भी चर्चा में हैं।
5,500 से ज्यादा लोगों ने किया था आवेदन
CEO पद के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके लिए तीन सदस्यीय चयन समिति बनाई गई थी, जिसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे।
इस पद के लिए 5,500 से ज्यादा आवेदन मिले थे। आवेदकों को एक ऑनलाइन फॉर्म भेजा गया, जिसमें 600 अंकों के सवाल शामिल थे। इनमें से 3,500 से अधिक उम्मीदवारों ने फॉर्म पूरा कर जमा किया। इसी प्रक्रिया के आधार पर उम्मीदवारों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग और मार्किंग की गई।
17 उम्मीदवारों के बाद 3 नाम हुए शॉर्टलिस्ट
मार्किंग के बाद 108 उम्मीदवार ऐसे पाए गए, जिन्होंने 600 में से 470 से ज्यादा अंक हासिल किए थे। इनका वर्चुअल इंटरव्यू कराया गया, जिसके बाद 17 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना गया।
इसके बाद इन उम्मीदवारों को अंतिम इंटरव्यू के लिए अयोध्या बुलाया गया। यहां उनकी नेतृत्व क्षमता, मंदिर प्रशासन से जुड़ी समझ, चुनौतियों से निपटने की क्षमता और धार्मिक आस्था जैसे विभिन्न पहलुओं पर मूल्यांकन किया गया। अंतिम प्रक्रिया के बाद चयन समिति ने तीन नामों की सूची तैयार कर राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी।