15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले देश की राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी साजिश सामने आई है। दिल्ली हाईकोर्ट समेत छह प्रमुख और संवेदनशील स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरी राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया और तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। दिल्ली हाईकोर्ट को प्राप्त हुए ई-मेल का विषय “BOMB Blast Delhi High Court @ 2:11PM” रखा गया है, जिसमें 15 अगस्त को दोपहर 2:11 बजे धमाका करने की चेतावनी दी गई है।
ई-मेल में हमले का कारण बताते हुए आरोप लगाया गया है कि दिल्ली हाईकोर्ट और जिला अदालतों ने 1984 के सिख विरोधी दंगों और सिखों से जुड़े अन्य मामलों में न्याय नहीं किया। इसके अलावा, मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात कहते हुए दावा किया गया है कि खालिस्तान समर्थक दिल्ली पहुंच चुके हैं और खाकी वर्दी पहने लोग इन हमलों को अंजाम देंगे।
धमकी भरे इस ई-मेल में न केवल दिल्ली हाईकोर्ट, बल्कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, जामनगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग (फ्लैटेड), साकेत स्थित DM दफ्तर और दिल्ली कैंट के SDM दफ्तर को भी सीधे तौर पर निशाना बनाने का जिक्र है।
इतना ही नहीं, ई-मेल में जिला अदालतों, लाल किले, दिल्ली मेट्रो और दिल्ली से अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल मिलते ही सभी चिन्हित स्थानों पर मानक सुरक्षा प्रक्रिया लागू कर दी गई और दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वॉड तथा अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए लाल किले और पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है, जबकि दिल्ली पुलिस की साइबर सेल टीमें ई-मेल के IP एड्रेस और लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी हुई हैं।