टोरंटो में हिमांशी खुराना हत्याकांड का आरोपी 7 महीने बाद गिरफ्तार, फर्स्ट-डिग्री मर्डर का केस दर्ज

 

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के रूप में हुई है। उस पर हिमांशी की हत्या के मामले में फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।

हिमांशी दिसंबर 2025 में टोरंटो के एक घर में मृत मिली थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि हिमांशी और अब्दुल गफूरी एक-दूसरे के साथ करीबी संबंध में थे। पुलिस के अनुसार, हिमांशी स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट के आसपास से लापता हुई थीं, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी।

7 महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अब्दुल गफूरी की तलाश तेज की और उसकी तस्वीरें व वीडियो भी सार्वजनिक किए थे। करीब सात महीने तक फरार रहने के बाद आखिरकार 7 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

टोरंटो पुलिस के मुताबिक, फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट ने आरोपी को पकड़ने के लिए कनाडा और विदेशों में मौजूद पुलिस एजेंसियों के साथ संपर्क किया था। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गफूरी को ढूंढने के बाद गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया।

भारत के कॉन्सुलेट ने जताया था दुख

हिमांशी खुराना की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी घटना पर दुख जताया था। कॉन्सुलेट ने अपने बयान में हिमांशी को एक युवा भारतीय नागरिक बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी।

कॉन्सुलेट की ओर से कहा गया था कि मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

टोरंटो में भारतीय मूल की महिला की हत्या का एक और मामला

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं से जुड़े हत्या के अन्य मामले भी सामने आए हैं। पिछले महीने टोरंटो में 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 37 वर्षीय शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया था।

जांचकर्ताओं के अनुसार, नवनीत कौर और आरोपी के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला को गोली मारी गई और आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एडमोंटन में भी भारतीय मूल की महिला की हत्या

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भी भारतीय मूल की एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था। इस मामले में रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। उस पर अपनी 23 वर्षीय साथी दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है।

हालांकि, इन सभी मामलों में लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं और आरोपियों को कानून के तहत दोषी ठहराए जाने तक निर्दोष माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *