करीब दो दशक पहले रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘आवारापन’ (2007) के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मेकर्स ने फिल्म के सीक्वल ‘आवारापन 2’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार शिवम पंडित के रूप में दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसमें दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
एक्शन, सस्पेंस और बदले की कहानी से भरपूर है ट्रेलर
करीब 1 मिनट 25 सेकेंड लंबे ट्रेलर में एक्शन, इमोशन और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। वीडियो की शुरुआत शिवम पंडित की वापसी से होती है, जो इस बार पहले से ज्यादा आक्रामक और बदले की आग में जलता नजर आता है। ट्रेलर में हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस और दमदार विजुअल्स फिल्म के बड़े स्केल का संकेत देते हैं।
वहीं, दिशा पाटनी का नया एक्शन अवतार भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। वह कई दमदार स्टंट और हथियारों के साथ एक्शन करती नजर आती हैं। दूसरी ओर, शबाना आजमी फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका निभा रही हैं और उनका खतरनाक अंदाज कहानी में नया रोमांच जोड़ता है।
ट्रेलर साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, “दर्शकों ने शिवम का दर्द महसूस किया था, अब उसके गुस्से का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए।”
पहली फिल्म के बाद आगे बढ़ेगी कहानी
‘आवारापन 2’ की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म खत्म हुई थी। पहले भाग के क्लाइमेक्स में शिवम को गोलियां लगने के बाद उसकी मौत मान ली जाती है, लेकिन सीक्वल में इस रहस्य से पर्दा उठता है कि वह जिंदा बच गया था।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि तिब्बती लामाओं ने शिवम का इलाज कर उसकी जान बचाई। इसके बाद वह नई पहचान और नए मकसद के साथ लौटता है। बैकग्राउंड में इमरान हाशमी का दमदार डायलॉग—”मौत ने मुझे छुआ जरूर था, लेकिन अपनाया नहीं”—कहानी को नई दिशा देता है और साफ करता है कि इस बार शिवम अपने दुश्मनों से अधूरी लड़ाई पूरी करने के लिए वापस आया है।