FBI ने अमृतपाल सिंह को मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला, ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

 

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है। एजेंसी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह पर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा होने का आरोप है। FBI का दावा है कि वह रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़ा हुआ है।

अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको तक फैला था नेटवर्क

जांच एजेंसी के अनुसार, रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का संचालन कनाडा के वैंकूवर से किया जाता था। इस गिरोह पर अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ड्रग्स की सप्लाई करने का आरोप है। अमृतपाल सिंह पर इस नेटवर्क के जरिए कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की साजिश में कथित रूप से शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

23 जून को जारी हुआ था गिरफ्तारी वारंट

FBI के अनुसार, अमृतपाल सिंह के खिलाफ 23 जून 2026 को लॉस एंजिलिस की एक संघीय अदालत ने फेडरल अरेस्ट वारंट जारी किया था। एजेंसी ने बताया कि अमृतपाल सिंह का जन्म 7 जनवरी 1996 को हुआ था और वह भारत का नागरिक है। FBI ने उसकी पहचान और तलाश में मदद के लिए साल 2024 की एक तस्वीर भी जारी की है।

FBI ने अमृतपाल सिंह के बारे में जानकारी देने की अपील की

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने अमृतपाल सिंह से जुड़ी किसी भी जानकारी की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है। इस मामले की जांच FBI का लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस कर रहा है। इससे पहले भी एजेंसी ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया था। नीतीश कौशल पर अमेरिका में सक्रिय एक इंटरनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट का सदस्य होने का आरोप है।

पंजाब से शुरू हुआ था ऑर्गनाइज्ड क्राइम नेटवर्क

FBI के मुताबिक, नीतीश कौशल जिस सिंडिकेट से जुड़ा है, उस पर हत्या, अपहरण, ड्रग्स की सप्लाई, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा यह संगठित अपराध नेटवर्क पंजाब से शुरू हुआ था। बाद में इसका विस्तार अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई अन्य देशों तक हो गया।

नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

आरोप है कि नीतीश कौशल ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अपहरण, हमले और अन्य हिंसक घटनाओं को अंजाम देने में भूमिका निभाई। FBI के अनुसार, इसी साल 25 जून को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *