एफबीआई के अनुसार, नीतीश कौशल जिस आपराधिक सिंडिकेट से जुड़ा है, उस पर हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों की सप्लाई, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग की जड़ें पंजाब से जुड़ी हैं, लेकिन समय के साथ इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया सहित कई देशों तक फैल गया, जहां यह कथित तौर पर संगठित अपराधों को अंजाम देता रहा है।
गैंगस्टर के खिलाफ जारी हो चुका है गिरफ्तारी वारंट
एफबीआई का आरोप है कि नीतीश कौशल ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए कई हिंसक वारदातों को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। उस पर अपहरण, हमले और अन्य संगठित अपराधों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। इसी मामले में 25 जून 2026 को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर Racketeer Influenced and Corrupt Organizations (RICO) Conspiracy के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत तेज हुई कार्रवाई
इससे पहले एफबीआई ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था। इस दौरान कई ठिकानों पर छापेमारी की गई और गैंग से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अमेरिकी एजेंसियां अब इस अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
क्या है ऑपरेशन हार्ड बॉल?
ऑपरेशन हार्ड बॉल एफबीआई का अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान है। इसके तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लॉरेंस बिश्नोई गैंग, गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर शिकंजा कसना है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
इससे पहले अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी ने अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित आपराधिक नेटवर्क का खुलासा करते हुए जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। चार्जशीट में ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी, रंगदारी वसूली और हत्या की साजिश जैसे आरोप शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया था कि गैंग का ड्रग सप्लाई नेटवर्क अमेरिका से लेकर कनाडा और मेक्सिको तक फैला हुआ है, जिस पर अब अमेरिकी एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।