सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक कमाल नहीं दिखा सकी कपिल शर्मा की कॉमेडी फिल्म **’दादी की शादी’** अब ओटीटी पर नया रिकॉर्ड बना रही है। 8 मई को रिलीज हुई इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का खास साथ नहीं मिला और यह फ्लॉप साबित हुई। हालांकि, नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होते ही फिल्म की किस्मत बदल गई।
आशीष आर. मोहन के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी ने ओटीटी पर आते ही जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। फिल्म ने ब्लॉकबस्टर स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ और हॉरर-कॉमेडी **’भूत बंगला’** जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नेटफ्लिक्स की टॉप 10 ट्रेंडिंग फिल्मों में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
नेटफ्लिक्स पर चमकी कपिल शर्मा की ‘दादी की शादी’
कपिल शर्मा, नीतू सिंह और सादिया खतीब स्टारर यह 2 घंटे 30 मिनट की फैमिली ड्रामा फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि, थिएटर्स में इसे दर्शकों का उम्मीद के मुताबिक साथ नहीं मिला और फिल्म महज 8-10 करोड़ रुपये का कारोबार कर बॉक्स ऑफिस पर सिमट गई। लेकिन ओटीटी पर इसकी कहानी पूरी तरह बदल गई। रिलीज के करीब दो महीने बाद, 3 जुलाई को फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई और महज तीन दिनों के भीतर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल होकर प्लेटफॉर्म की नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बन गई।
क्या है ‘दादी की शादी’ की कहानी?
‘दादी की शादी’ एक हल्की-फुल्की फैमिली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी विमला आहूजा (नीतू कपूर) के इर्द-गिर्द घूमती है। पति के निधन के बाद अकेली जिंदगी जी रही विमला एक फेसबुक स्टेटस की गलतफहमी के चलते दोबारा शादी करने का फैसला करती हैं। उनके इस फैसले से पूरा परिवार असहज हो जाता है। इतना ही नहीं, उनके पोते टोनी (कपिल शर्मा) की मंगेतर कन्नू (सादिया खतीब) के साथ शादी भी मुश्किलों में पड़ जाती है। फिल्म में रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी अहम भूमिका निभाई है और इसी फिल्म से उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की है। हालांकि, दिलचस्प कहानी और स्टारकास्ट के बावजूद यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित करने में सफल नहीं रही।
आईएमडीबी पर मिली अच्छी रेटिंग
बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद ‘दादी की शादी’ को आईएमडीबी पर दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। करीब ढाई घंटे लंबी इस फिल्म को 6.8 की रेटिंग मिली है। अभिषेक आर. मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कपिल शर्मा, नीतू कपूर, सादिया खतीब, रिद्धिमा कपूर साहनी और साउथ अभिनेता आर. सरथकुमार मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। इनके अलावा दीपक दत्ता, अदिति मित्तल, जितेंद्र हुड्डा और तेजस्विनी कोल्हापुरे भी अहम किरदार निभाते हैं। खास बात यह है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भी फिल्म का हिस्सा हैं और अपने अलग अंदाज से दर्शकों को चौंकाते हैं। यदि आप हल्की-फुल्की मनोरंजक फैमिली फिल्म देखना चाहते हैं, तो ‘दादी की शादी’ पूरे परिवार के साथ देखने के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है।