Pakistan: ग्वादर में कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA का धावा, 30 से ज्यादा जवानों के मारे जाने का दावा

 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले के जिवानी क्षेत्र स्थित पनवान इलाके में शुक्रवार शाम पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया गया। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इस घटना में 30 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

विस्फोटकों से भरे ट्रक से किया गया हमला

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, BLA ने कहा कि यह एक ‘फिदायी’ (आत्मघाती) अभियान था, जिसे उसके विशेष दस्ते मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। संगठन के मुताबिक, हमलावर अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे विस्फोटकों से लदे एक माजदा ट्रक को सीधे पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के किलेनुमा कैंप में घुसा दिया।

BLA का दावा है कि ट्रक के कैंप में प्रवेश करते ही जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे परिसर में भारी तबाही मच गई। संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने एक बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली और इसे अपने अभियान का हिस्सा बताया।

विस्फोट के बाद चारों दिशाओं से किया गया हमला

BLA के मीडिया विंग ‘हक्काल’ ने हमले से जुड़ा 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में एक विस्फोटकों से लदा ट्रक कोस्ट गार्ड कैंप के अंदर जाता हुआ दिखाई देता है, जिसके कुछ ही क्षण बाद एक बड़ा धमाका होता नजर आता है।

संगठन की ओर से जारी अन्य वीडियो में दावा किया गया है कि विस्फोट के बाद कैंप का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। BLA का कहना है कि ट्रक में धमाका होने के तुरंत बाद उसके विशेष लड़ाकू दस्ते ‘फतेह स्क्वाड’ ने योजनाबद्ध तरीके से चारों तरफ से कैंप पर हमला बोल दिया और पूरे अभियान को समन्वित तरीके से अंजाम दिया।

BLA ने 30 से अधिक जवानों के मारे जाने का दावा किया

अपने बयान में BLA ने कहा, “विस्फोट के तुरंत बाद हमारी विशेष इकाई फतेह स्क्वाड ने तेज और समन्वित कार्रवाई करते हुए चारों दिशाओं से कैंप पर धावा बोल दिया।” संगठन का दावा है कि इसके बाद उसके लड़ाकों और बचे हुए कोस्ट गार्ड कर्मियों के बीच नजदीकी लड़ाई हुई, जिसमें 30 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए।

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने यह भी कहा कि कई घायल कर्मियों की हालत गंभीर है और कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पाकिस्तानी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं

संगठन ने कहा है कि इस पूरे अभियान का विस्तृत ब्यौरा जल्द ही उसके आधिकारिक मंचों पर जारी किया जाएगा। साथ ही BLA ने दोहराया कि वह ‘बलूचिस्तान की पूर्ण आजादी’ के अपने लक्ष्य तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ सशस्त्र अभियान जारी रखेगा।

हालांकि, पाकिस्तान की सेना और सरकारी अधिकारियों ने अब तक हमले में हुई मौतों, घायलों की संख्या या नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में BLA द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *