त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में गुरुवार रात एक अपार्टमेंट में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। संकट चौमुहानी स्थित एनएस अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर हुए इस धमाके में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज आसपास के कई इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण अपार्टमेंट की खिड़कियां टूट गईं, दीवारों में दरारें आ गईं और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अभी तक घायलों की सटीक संख्या और विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले कुशल देब ने बताया कि वह अपने कमरे में थे, तभी अचानक एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वह बाहर निकले और देखा कि अपार्टमेंट में दहशत का माहौल है और लोग इधर-उधर भाग रहे थे।
इस विस्फोट में कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के दौरान उड़कर आए कांच के टुकड़े एक महिला की आंख के पास जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए जीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पहली मंजिल पर मौजूद एक युवक भी धमाके की चपेट में आ गया और उसे गंभीर चोटें आईं। उसने शरीर में तेज दर्द की शिकायत की है। प्रशासन ने सभी घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
धमाके की वजह पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि यह गैस रिसाव से जुड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन अधिकारियों ने अभी किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है। घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।