अमेजन प्राइम वीडियो पर हर दिन नई-नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन उनमें से कुछ ही दर्शकों के दिलों में जगह बना पाती हैं। कई बार ऐसा भी देखने को मिलता है कि जो फिल्में सिनेमाघरों में बुरी तरह फ्लॉप हो जाती हैं, वही ओटीटी पर शानदार प्रदर्शन करती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’।
साल 2026 की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में गिनी जाने वाली इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। फिल्म 2 करोड़ रुपये का कारोबार भी नहीं कर पाई और रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में औंधे मुंह गिर गई। हालांकि, थिएटर में नाकाम रहने के करीब दो महीने बाद जब ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ ने अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक दी, तो इसकी किस्मत बदलती नजर आई। ओटीटी पर रिलीज होते ही फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा में आ गई और तेजी से ट्रेंड करने लगी।
प्राइम वीडियो पर चमकी 2026 की फ्लॉप फिल्म
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर स्टारर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। थिएटर्स में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने वाली यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर दर्शकों का दिल जीत रही है। रिलीज के कुछ ही समय बाद फिल्म प्राइम वीडियो की टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो गई है और फिलहाल टॉप 7 में अपनी जगह बनाए हुए है। इससे पहले यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर भी स्ट्रीम की जा चुकी है।
क्या है ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ की कहानी?
फिल्म की कहानी ऋषिकेश में रहने वाले शिवंश चतुर्वेदी उर्फ सनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक सीधा-सादा और कुश्ती का शौकीन युवक है। उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब उसे झूठे छेड़छाड़ के आरोप में फंसा दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर गिन्नी की सगाई टूट जाती है और दोनों की जिंदगी एक नए मोड़ पर पहुंच जाती है।
कहानी आगे बढ़ते हुए रिश्तों में आने वाली गलतफहमियों, शादी के बाद बदलते हालात और एक-दूसरे से बिल्कुल अलग सोच रखने वाले कपल के संघर्ष को दिखाती है। फिल्म यह बताने की कोशिश करती है कि प्यार और रिश्ते को बचाने के लिए समझ और भरोसा कितना जरूरी होता है।
बॉक्स ऑफिस पर रही बुरी तरह फ्लॉप
‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। करीब 16 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में केवल 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका नेट कलेक्शन महज 1.58 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, सिनेमाघरों में नाकाम रहने के बावजूद फिल्म अब ओटीटी पर नई सफलता की कहानी लिखती नजर आ रही है।