योगी सरकार का फैसला: NEET छात्रों को किराए में राहत, मोहर्रम पर हथियारों और तेज डीजे पर रोक

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्चस्तरीय बैठक कर आगामी नीट परीक्षा, मोहर्रम और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नीट परीक्षार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा

21 जून को प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में लगभग 3.5 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रवेश पत्र दिखाने पर यूपी रोडवेज की बसों में उन्हें 50 प्रतिशत किराया छूट दी जाए। साथ ही, दूसरे जिलों से आने वाले ऐसे अभ्यर्थी जिनके पास रहने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मोहर्रम जुलूसों के लिए सख्त दिशा-निर्देश

मोहर्रम को शोक और श्रद्धा का पर्व बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, नई परंपराओं की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी और तेज आवाज वाले डीजे व अनियंत्रित ढोल-ताशों पर भी रोक रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार अधिकतम 10 से 12 फीट रखने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *