US कार्रवाई के बाद ईरान का ताबड़तोड़ हमला, होर्मुज बंद होने से दुनिया की बढ़ी टेंशन

 

पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है। अमेरिकी हवाई हमलों के बाद ईरान ने कड़ा जवाब देने का दावा किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के तहत कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सेना से जुड़े कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके साथ ही ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने की घोषणा करते हुए क्षेत्र में संचालित जहाजों को सावधानी बरतने और दूर रहने की चेतावनी दी है।

IRGC द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस और अहमद अल-जाबेर एयर बेस के अलावा बहरीन स्थित शेख ईसा एयर बेस समेत कुल 18 महत्वपूर्ण अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिका की ओर से उसकी सीमा के भीतर किए गए हमलों के प्रतिउत्तर में की गई है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने लगातार दूसरे दिन ईरान के विभिन्न इलाकों में हवाई अभियान चलाया। अमेरिका ने इन हमलों को अपनी सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम बताया है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दक्षिणी क्षेत्रों और पश्चिमी तेहरान में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद कई स्थानों पर वायु रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया गया।

होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का ऐलान

अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान के सैन्य नेतृत्व ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने की घोषणा की। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। ईरान ने इस क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे जलडमरूमध्य से दूरी बनाए रखें।

 जहाजों और सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई का दावा

आईआरजीसी ने दावा किया है कि बंद किए गए होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को उसकी सेना ने निशाना बनाया। संगठन के मुताबिक, उसकी एयरोस्पेस और नौसैनिक इकाइयों ने दो चरणों में जवाबी अभियान चलाया, जिसमें अमेरिकी सैन्य मौजूदगी वाले कई ठिकानों को लक्ष्य बनाया गया।

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स के प्रमुख मेजर जनरल माजिद मौसवी ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करता है, तो ईरान इसका कड़ा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि होर्मुज क्षेत्र की सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर ईरान पूरी ताकत से प्रतिक्रिया करेगा।

मौसवी ने अमेरिका की क्षेत्रीय गतिविधियों को उकसावे वाली कार्रवाई बताते हुए कहा कि ईरान अपने हितों और क्षेत्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हालिया अमेरिकी हमलों का जवाब उचित समय और तरीके से दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *