बैंकॉक से मुंबई पहुंचे एक भारतीय यात्री को रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने जांच के दौरान रोक लिया। तलाशी में उसके सामान से 29 विदेशी वन्यजीव बरामद हुए, जिसके बाद हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया। बरामद जीवों की पहचान, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए WCCB और वन विभाग के समन्वय से RAWW (रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर) की टीम को मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में गिब्बन समेत कई दुर्लभ और विदेशी प्रजातियों के जीव मिलने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले को वन्यजीव तस्करी से जोड़कर देखा जा रहा है और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए वन्यजीवों में गिब्बन, मेलानिस्टिक स्क्विरल (काली गिलहरी), बॉल पाइथन, इगुआना समेत कई विदेशी प्रजातियां शामिल हैं। इन जीवों को बैग में छिपाकर अवैध तरीके से भारत लाने की कोशिश की जा रही थी, जिसे कस्टम अधिकारियों ने विफल कर दिया।
नियमों के तहत अब इन सभी वन्यजीवों को सुरक्षित रखने के बाद उनके मूल देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार, तस्करी कर लाए गए विदेशी जीवों को उनके प्राकृतिक या मूल स्थान पर लौटाया जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में विदेशी प्रजातियों को पालतू जानवर के रूप में रखने का चलन बढ़ने से इनकी अवैध तस्करी के मामले भी सामने आते रहते हैं। तस्कर अक्सर इन जानवरों को सूटकेस और बैग में बेहद खराब परिस्थितियों में छिपाकर ले जाते हैं, जिससे उन्हें गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचता है। कई मामलों में लंबे सफर और ऑक्सीजन की कमी के कारण इन जीवों की रास्ते में ही मौत तक हो जाती है।