ग्रामीणों के उड़े होश, हरिद्वार की पानी टंकी में मिले 27 सांप

 

सराय गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान के पानी के टैंक में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। घरवालों ने जब टैंक के अंदर झांककर देखा तो वहां दर्जनों छोटे सांप रेंगते हुए नजर आए, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई। इतनी बड़ी संख्या में सांप देखने के बाद ग्रामीणों के भी होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्नेक कैचर तालिब व भोला की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने टैंक से सभी सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। जांच में कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, सांप और अन्य जंगली जीव ठंडी जगहों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करने लगते हैं। इसी दौरान सराय गांव के एक घर में बड़ी संख्या में सांपों के घुसने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद तुरंत क्यूआरटी टीम को मौके पर भेजा गया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। जांच में पाया गया कि घर के पानी से भरे टैंक में किसी मादा सांप ने अंडे दिए थे, जिसके कारण वहां कई दिनों से सांप के बच्चे मौजूद थे। सभी 27 सांपों को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि ये सभी सांप कीलबैक प्रजाति के थे, जिन्हें आमतौर पर पानी का सांप कहा जाता है। यह प्रजाति अधिकतर तालाबों, नदियों, नहरों और अन्य जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है। गर्मियों में ये ठंडक और पानी की तलाश में अक्सर घरों के आसपास पहुंच जाते हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में घबराने या जंगली जीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *