चारधाम यात्रा मार्ग पर नॉनवेज और शराब ले जाते नेपाली नागरिक पकड़े गए, 4 पर कार्रवाई

 

चारधाम यात्रा मार्गों और पवित्र मंदिर क्षेत्रों में मांस व शराब की बिक्री और ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आते रहे हैं। इसी क्रम में बदरीनाथ धाम की धार्मिक मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बदरीनाथ पुलिस ने चार लोगों को प्रतिबंधित मांसाहारी सामग्री और शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बुधवार को ज्योतिर्मठ से बदरीनाथ की ओर जा रही एक टैक्सी को जांच के लिए रोका गया, जहां तलाशी के दौरान लगभग 12 किलो से अधिक मांस (मुर्गा), मछली और शराब की बोतलें बरामद की गईं।

पूछताछ में वाहन में सवार चारों व्यक्तियों ने खुद को नेपाल के निवासी मजदूर बताया। पुलिस ने उन्हें धाम क्षेत्र में लागू नियमों की जानकारी देते हुए उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की है। बरामद सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां मांस व मदिरा का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित है। ऐसे में किसी भी प्रकार के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। चमोली पुलिस ने कहा है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। आरोपी घनश्याम दमाई, मनबहादुर, संदीप और दत्तकामी सभी नेपाल के निवासी बताए गए हैं।

बदरीनाथ धाम के दर्शनी गेट के पास चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ज्योतिर्मठ से आ रही एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से चार नेपाली मूल के व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनके पास से लगभग 12 किलो प्रतिबंधित मांस और 3 शराब की बोतलें बरामद हुईं।

पुलिस ने सभी चारों व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है। बरामद मांस को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *