हरिद्वार में अनियंत्रित होकर पलटी राजस्थान की बस, एक महिला ने गंवाई जान, 25 लोग घायल

 

हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की जान चली गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सामने से आ रहा एक डंपर भी संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे बने एक ढाबे में घुस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा शांतिकुंज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना होने की तैयारी में थे। इसी बीच सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते बस असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस को अचानक पलटते देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने दुर्घटना टालने की कोशिश की। हालांकि, वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसे काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। बस में फंसे यात्रियों की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने राजस्थान के नागौर निवासी भंवर सिंह की 50 वर्षीय पत्नी पुष्पकवर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य यात्रियों का उपचार जारी है। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *