CSK के पूर्व खिलाड़ी की बेस्ट XI में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री, विराट-राहुल को किया नजरअंदाज

 

IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने दमदार प्रदर्शन से हर किसी का ध्यान खींचा। आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज के चलते उन्होंने पूरे सीजन गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। अब उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने उन्हें अपनी IPL 2026 की बेस्ट प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। खास बात यह रही कि बद्रीनाथ ने अपनी टीम में विराट कोहली और केएल राहुल जैसे बड़े नामों को जगह नहीं दी।

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन खुद को राजस्थान रॉयल्स के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल कर लिया। पिछले साल डेब्यू करने वाले इस युवा खिलाड़ी ने इस बार ओपनिंग करते हुए लगातार प्रभावशाली पारियां खेलीं और टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी।

14 मैचों में वैभव ने 583 रन बनाए। उनका औसत 41.64 और स्ट्राइक रेट 232.27 रहा, जिसने उन्हें सीजन के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल कर दिया। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा।

सुब्रमण्यम बद्रीनाथ की IPL 2026 की बेस्ट प्लेइंग इलेवन में सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हो रही है, जिसमें उन्होंने विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को शामिल नहीं किया। दोनों खिलाड़ियों ने इस सीजन 500 से अधिक रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद बद्रीनाथ ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को शुभमन गिल के साथ ओपनिंग के लिए चुना।

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इस सीजन 616 रन बनाकर अपनी टीम को पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे साई सुदर्शन को बद्रीनाथ ने नंबर-3 पर जगह दी, जिससे उनकी टीम का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत नजर आया।

मिडिल ऑर्डर में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को शामिल किया। दोनों बल्लेबाजों ने इस सीजन खासकर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ऑलराउंडर के रूप में क्रुणाल पांड्या को टीम में जगह मिली, जबकि अनुभवी सुनील नरेन को स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर चुना गया।

गेंदबाजी आक्रमण में बद्रीनाथ ने भुवनेश्वर कुमार, जोफ्रा आर्चर और कगिसो रबाडा जैसे अनुभवी गेंदबाजों पर भरोसा जताया। हालांकि सबसे ज्यादा चौंकाने वाला फैसला युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और कार्तिक त्यागी को टीम में शामिल करना रहा। दोनों खिलाड़ियों ने इस सीजन अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी से खास पहचान बनाई, भले ही उनकी टीमें प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *