बिहार: मुजफ्फरपुर में वंदे भारत सहित तीन ट्रेनों पर हमला, पत्थरबाजी से मचा हड़कंप

 

बिहार के मुजफ्फरपुर में रेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। सोनपुर मंडल के हाजीपुर–मुजफ्फरपुर रेलखंड पर स्थित रामदयालु नगर स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने वंदे भारत एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों को निशाना बनाकर पथराव किया।

जानकारी के अनुसार, लगभग एक घंटे से अधिक समय के भीतर हुई इस घटना के दौरान ट्रेनों के कई डिब्बों के शीशे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई पत्थरबाजी से यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग डर के कारण अपनी सीटें छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।

घटना के समय ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम असामाजिक तत्वों ने तीन ट्रेनों को निशाना बनाया, जिनमें ट्रेन नंबर 26501 पाटलिपुत्र–गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 15550 पटना–जयनगर इंटरसिटी और 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस शामिल हैं। पथराव के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस की तीन बोगियों के शीशे टूट गए, जबकि अन्य दोनों ट्रेनों के एक-एक कोच की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर मझौलिया और खबरा इलाके के बीच पत्थर फेंके गए।

जांच शुरू

ट्रेनों के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और यात्रियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। कुछ यात्रियों ने आशंका जताई है कि पथराव बच्चों द्वारा किया गया हो सकता है।

आरपीएफ सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि रेलवे ट्रैक के किनारे खेल रहे बच्चों ने पत्थर फेंके होंगे, हालांकि असामाजिक तत्वों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया गया है।

वंदे भारत पर सबसे पहले हमला

जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस जब रामदयालु नगर स्टेशन को पार कर रही थी, उसी दौरान ट्रैक के किनारे से अचानक पत्थर फेंके गए। इस पथराव में ट्रेन के C-3, C-4 और E-1 कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

इसके कुछ ही मिनट बाद लगभग साढ़े पांच बजे पटना–जयनगर इंटरसिटी (ट्रेन संख्या 15550) के C-1 कोच पर भी पथराव किया गया। इसके बाद शाम करीब छह बजे लिच्छवी एक्सप्रेस के M-2 स्लीपर कोच को निशाना बनाया गया।

अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों, खासकर बच्चों और महिलाओं में दहशत फैल गई और कई लोग डर के कारण सहम गए।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि एक ही समय अंतराल में तीन ट्रेनों पर पथराव की सूचना मिली है, जिसे स्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जवानों ने रिपोर्ट किया।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह संभावना सामने आ रही है कि रेलवे ट्रैक के पास खेल रहे बच्चों द्वारा पत्थर फेंके गए हों, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *