तेज भूकंप से चीन में तबाही, 7000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

 

चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में सोमवार तड़के भूकंप के जोरदार झटकों ने लोगों को हिला कर रख दिया। ग्वांग्शी प्रांत के लियूझोउ शहर में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 दर्ज की गई है।

इस आपदा में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

भूकंप के झटकों से इलाके में भारी तबाही देखने को मिली है। सरकारी मीडिया सीसीटीवी और समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के मुताबिक, इस भूकंप के कारण 13 इमारतें ढह गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अब तक 7,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

इस हादसे में घायल हुए 4 लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी की जान को खतरा नहीं है। अच्छी बात यह है कि भूकंप के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, गैस और संचार सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं, साथ ही सड़क यातायात भी सुचारू बना हुआ है।

हालांकि, भूकंप के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। रेलवे ट्रैक और अन्य संरचनाओं की गहन जांच की जा रही है, जिसके चलते ट्रेनों की आवाजाही में देरी की संभावना जताई गई है और यात्रियों को अस्थायी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *