डेंगू से उबरने के बाद डाइट का रखें खास ध्यान, तेजी से होगी रिकवरी

 

डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। तेज बुखार, शरीर में दर्द और कमजोरी इसके सामान्य लक्षण माने जाते हैं। इस बीमारी के दौरान शरीर में प्लेटलेट्स तेजी से कम होने लगती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, स्वस्थ व्यक्ति में प्लेटलेट्स की सामान्य संख्या करीब 1.5 लाख से 4 लाख तक होती है, लेकिन डेंगू में अगर यह स्तर 50 हजार से नीचे पहुंच जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

हालांकि असली परेशानी कई बार बुखार उतरने के बाद शुरू होती है। डेंगू से ठीक होने के बाद शरीर बेहद कमजोर महसूस करता है और इम्यूनिटी भी काफी कम हो जाती है। ऐसे समय में सही खानपान बहुत जरूरी हो जाता है, क्योंकि संतुलित डाइट ही शरीर को दोबारा ताकत देने, प्लेटलेट्स बढ़ाने और तेजी से रिकवरी में मदद करती है।

आइए जानते हैं कि डेंगू से उबरने के बाद किन चीजों को डाइट में शामिल करना चाहिए, ताकि शरीर जल्दी स्वस्थ हो सके और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत बनी रहे।

डेंगू से उबरने के बाद शरीर काफी कमजोर हो जाता है, इसलिए मरीज की डाइट का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। रिकवरी के दौरान हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक और मेथी शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करती हैं। मरीज इन्हें सूप या सलाद के रूप में भी ले सकता है। इसके अलावा शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है, इसलिए ज्यादा मात्रा में पानी पीने के साथ ताजे फलों का जूस और नारियल पानी भी फायदेमंद माना जाता है।

हल्का और पौष्टिक भोजन जैसे दलिया और खिचड़ी डेंगू मरीज के लिए अच्छे विकल्प होते हैं, क्योंकि ये आसानी से पच जाते हैं और शरीर को ऊर्जा देते हैं। कई लोग बकरी के दूध को भी डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं, क्योंकि माना जाता है कि यह प्लेटलेट्स बढ़ाने और शरीर को तेजी से रिकवर करने में मदद कर सकता है।

लहसुन को सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है, इसलिए डेंगू के मरीज की डाइट में इसका नियमित रूप से उपयोग किया जाना चाहिए। यह शरीर को मजबूती देने और रिकवरी में मदद कर सकता है।

इसके अलावा तुलसी की चाय भी डेंगू में काफी फायदेमंद मानी जाती है। अगर मरीज को चाय दी जा रही है तो उसमें तुलसी के पत्ते और अदरक जैसी प्राकृतिक सामग्री शामिल करना बेहतर होता है। यह न सिर्फ शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती है, बल्कि तेजी से रिकवरी में भी सहायक होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *