दिल्ली-मुंबई रूट पर बड़ा रेल हादसा टला, राजधानी एक्सप्रेस में आग से कई ट्रेनें प्रभावित

 

रतलाम जिले में कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आलोट स्टेशन के पास रविवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई।

आग लगने की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और कोटा मंडल से राहत एवं बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया। जिस कोच में आग लगी थी, उसमें करीब 68 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि आग कुछ ही पलों में पूरे डिब्बे में फैल गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

आग लगने के तुरंत बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने राहत कार्य शुरू कर दिया। यात्रियों को तेजी से कोच से बाहर निकाला गया और करीब 15 मिनट के भीतर पूरे डिब्बे को खाली करा लिया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। साथ ही ट्रेन का बिजली कनेक्शन भी बंद कर दिया गया, ताकि आग पर काबू पाने में आसानी हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

पश्चिम रेलवे के कोटा मंडल के अनुसार, तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 कोच में लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच अचानक आग लग गई। आग कोच के एसएलआर साइड के पास लगी थी। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टाफ ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के तहत तुरंत ओएचई बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।

घटना के चलते इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हुआ और ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया। रेलवे का कहना है कि ट्रैक को जल्द सामान्य किया जाएगा। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में आग लगने की सूचना मिली। यह आग ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित SLR और B1 कोच में लगी थी।

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टाफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और प्रभावित कोच को बाकी रैक से अलग कर दिया गया। साथ ही दमकल विभाग, स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। समय पर की गई कार्रवाई के कारण सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी और आग पर लगभग पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

सौरभ जैन के अनुसार, मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां, एम्बुलेंस और प्रशासनिक टीमें मौजूद हैं और राहत कार्य लगातार जारी है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं, जबकि कोटा से अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की जा रही है ताकि ट्रेन को आगे रवाना किया जा सके।

उन्होंने आगे बताया कि ट्रेन के शेष डिब्बों को अगले 30 से 45 मिनट में रवाना करने की योजना है, जिसके बाद ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। इस घटना के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ है और लगभग 5 से 6 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपडेट के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *